अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। थाना कोटइसे खां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वसंत पंचमी वाले दिन एक दुकान में छापामारी कर चाइना डोर के आठ गट्टू बरामद किए हैं। आरोपी दुकानदार को मौके पर गिरफ्तार कर पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई कंवलजीत सिंह के अनुसार चाइना डोर की बिक्री पर प्रदेश सरकार ने रोक लगा रखी है। इसके बावजूद चाइना डोर बेचने वाले पर आईपीसी की धारा 188 के तहत केस दर्ज किया जा सकता है। जांच अधिकारी के अनुसार वसंत पंचमी के दिन उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि कस्बा कोटइसे खां में राजकुमार राजू नामक व्यक्ति अपनी दुकान में चोरी छिपे चाइना डोर बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुकान में दबिश कर आठ गट्टू चाइना डोर बरामद कर आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी का कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद आगामी कार्रवाई की जा रही है।