600 ग्राम हेरोइन सहित दो तस्कर गिरफ्तार
315 बोर के पांच कारतूस भी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। देहात की सीआईए स्टाफ-टू की पुलिस ने दो नशा तस्करों को 600 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 315 बोर के पांच कारतूस भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह और जसुआ अमागवा उर्फ स्मिथ पुत्र अमांगवा निवासी विंदापुर उत्तम नगर नई दिल्ली के रूप में हुई है।
एसएसपी देहाती नवजोत सिंह माहल ने कहा कि सीआईए स्टाफ-टू के इंचार्ज शिव कुमार और उनकी पुलिस टीम ने आदमपुर के पढियाना टी-प्वाइंट पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान उन्होंने होशियारपुर निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा को 100 ग्राम हेरोइन और 315 बोर के पांच कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान सुक्खा ने बताया कि वह नई दिल्ली निवासी जसुआ अमागवा उर्फ स्मिथ से हेरोइन खरीदता और पंजाब में बेचता था। जांच करते हुए देहात पुलिस की टीम ने आरोपी स्मिथ को नई दिल्ली के करनाल बाइपास से 500 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर अदालत में पेश करने के बाद दो दिन का रिमांड हासिल किया। आरोपी सुखविंदर सिंह के खिलाफ होशियारपुर में पहले से एनडीपीएस एक्ट के पांच मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी जसुआ अमागवा उर्फ स्मिथ के खिलाफ पंचकूला में तीन केस दर्ज हैं।