मलोट में 34 पेट्रोल बम बरामद
मिल के पास झाड़ियों से 4 बैगों में दो कापे, लाल मिर्चों के पैकेट भी मिले
अमर उजाला ब्यूरो
मलोट (मुक्तसर)।
पुलिस ने सोमवार को मलोट में 34 पेट्रोल बम, दो कापे, लाल मिर्चों के पैकेट बरामद किए हैं। पुलिस को उक्त सामान जीटी रोड पर एसटीएम मिल के पास झाड़ियों से चार बैगों में मिला।
एसपी दविंदर सिंह बराड़, थाना सिटी के एसएचओ बूटा सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे पर सूरजा टेक्सटाइल मिल के पास झाड़ियों में लावारिस हालत में कुछ बैग पडे़ हुए हैं। पुलिस टीम ने जब मौके पर जाकर देखा तो इस जगह पर 4 बैग पडे़ थे। इसकी जांच की गई तो इन बैगों में से 34 पेट्रोल बंब, लाल मिर्चों के पैकेट, एक ऐनक, एक लाइटर व 2 कापे मिले हैं।
बैगों में कुछ टूटे बम भी मिले हैं। पुलिस ने सामान कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मलोट में लगाया कर्फ्यू
डेरा प्रमुख को सजा सुनाने को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर सोमवार दोपहर एक से शाम सात बजे तक कर्फ्यू लगाया गया। इस दौरान सुरक्षा प्रबंधों के चलते पुलिस पूरी तरह से चौकस रही। सुरक्षा कर्मी कर्फ्यू के दौरान गश्त करते रहे। डीसी सुमित जारंगल ने बताया कि प्रशासन की ओर से अमन कानून की स्थिति बरकरार रखने के लिए पुलिस, मिलिटरी व पैरा मिलिटरी फोर्स के जवानों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि स्थिति पूरी तरह काबू में है।
डेरा सुनसान
उधर स्थानीय डेरा सुनसान पड़ा है। डेरे में इस समय कुल 6 सेवादार हैं। यहां पर सुरक्षा कर्मी अपनी ड्यूटी कर रहे हैं और सेहत विभाग की टीम तैनात है। आपातकालीन स्थिति के लिए एक एंबुलेंस डेरे में खड़ी है।