डेरा प्रेमी के घर से जन्मसाखी की पोथी बरामद
जूते वाले स्टोर से हुई बरामदगी, 28 चले हुए कारतूस भी पकड़े
आरोपी महिंदरपाल बिट्टू डेरे की 45 मेंबरी प्रांतीय कमेटी का सदस्य
अमर उजाला ब्यूरो
कोटकपूरा (फरीदकोट)। डीआईजी लुधियाना रणबीर सिंह खट्ड़ा की अगुवाई वाली विशेष जांच टीम ने बुधवार को डेरे की 45 मेंबरी प्रांतीय कमेटी के सदस्य महिंदरपाल बिट्टू के आवास पर दबिश दी। सर्च के दौरान घर के जूते वाले स्टोर से जन्मसाखी की एक पोथी बरामद हुई। साथ ही यहां से 32 बोर की पिस्टल के 28 चले हुए कारतूस भी बरामद हुए। इसके आधार पर थाना सिटी में महिंदरपाल बिट्टू के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने और असलहा एक्ट के तहत केस दर्ज लिया गया है।
बेअदबी मामले में डेरा सच्चा सौदा के अनुयायियों की धरपकड़ के बाद पुलिस ने महिंदरपाल बिट्टू समेत कुल सात अनुयायियों को मोगा से संबंधित 7 साल पुराने आगजनी के मामले में रिमांड पर लिया है। बुधवार दोपहर एसआईटी के डीएसपी सुलक्षण सिंह व इंस्पेक्टर दलबीर सिंह की अगुवाई में पुलिस ने पहले महिंदरपाल बिट्टू के घर की तलाशी ली। इसके बाद मोगा केस में ही गिरफ्तार एक अन्य आरोपी सन्नी कंडा के चचेरे भाई नरिंद्र कंडा के घर में सर्च किया गया।
यहां से भी पुलिस ने एक धार्मिक पुस्तक को बरामद किया, जिसे बिट्टू के घर से बरामद पोथी की तरह की गुरु मर्यादा के साथ गुरुद्वारा साहिब में रखवा दिया गया है। सर्च अभियान खत्म होने के बाद बुधवार शाम कोटकपूरा पहुंचे डीआईजी रणबीर सिंह खट्ड़ा ने बताया कि इन दोनों घरों के साथ साथ पुलिस ने कोटकपूरा के नाम चर्चा घर को भी खंगाला। यहां से उन्हें कुछ भी आपत्तिजनक बरामद नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पुलिस ने नरिंद्र कंडा के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट का केस दर्ज किया है. क्योंकि उसने अपने लाइसेंसी हथियार चचेरे भाई सन्नी कंडा को दिए हुए थे। डीआईजी ने बताया बिरगाड़ी बेअदबी मामले से संबंधित तीनों केसों की जांच सीबीआई के पास है और एसआईटी ने अभी तक बरगाड़ी मामले में अभी तक किसी भी जगह या किसी भी आरोपी से पावन ग्रंथ या उसके अंग बरामद नहीं किए है।