करियाना दुकान में लिफ्ट में गिरकर कर्मी की मौत
पिता के बयान पर दुकानदार नामजद
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट। ढोढा चौक में बुधवार को एक करियाना स्टोर पर लिफ्ट पर सामान चढ़ाते समय गिरने से एक नौजवान मुलाजिम की मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय देवीवाला रोड़ निवासी संदीप कुमार (17) पुत्र धर्मपाल के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर दुकानदार भाईयों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
पिछले कुछ माह से संदीप कुमार विश्वनाथ करियाना स्टोर पर काम कर रहा था। बुधवार को दुकान में लगी लिफ्ट के माध्यम से सामान चढ़ाते समय अचानक संदीप कुमार गिर गया और उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता धर्मपाल का आरोप है कि दुकान के मालिक सुधीर कुमार व रणधीर कुमार की ओर से अक्सर ही उसके बेटे के साथ मारपीट की जाती है और यह घटना भी उसी का नतीजा है। डीएसपी कोटकपूरा मनविंदरबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता के बयान के आधार पर दुकानदार पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की पड़ताल की जा रही है।