विजिलेंस ब्यूरो की जन्म मृत्यु शाखा में छापेमारी, सुपरिंटेंडेंट हिरासत
-दलालों के जरिए चल रहा था प्रमाण पत्र बनाने का कारोबार
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। विजिलेंस की टीम ने मंगलवार को सिविल सर्जन दफ्तर के नजदीक स्थित जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा में छापेमारी कर सुपरिंटेंडेंट को हिरासत में ले लिया। विजिलेंस की टीम को जानकारी थी कि शाखा में दलालों के माध्यम से पैसा लेकर सर्टिफिकेट जारी करवाए जाते हैं। विजिलेंस विभाग की टीम सुपरिंटेंडेंट से सख्ती से पूछताछ कर रही है। एसएसपी विजिलेंस दलजिंदर सिंह ढिल्लो का कहना है कि ब्यूरो अभी जांच कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक विजिलेंस विभाग को शिकायत मिली थी कि सिविल सर्जन दफ्तर के बाहर बैठे एजेंट जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए मोटी रकम वसूलते हैं। इन एजेंटों की जन्म-मृत्यु शाखा में अधिकारियों के साथ सेटिंग है। पुख्ता सूचना के आधार पर विजिलेंस विभाग ने ट्रैप लगाकर एक एजेंट को शाखा से काम करवाने के लिए शाखा में भेजा। एजेंट ने जैसे ही शाखा में अंदर बैठे अधिकारियों को काम करवाने के लिए पैसे पकड़ाए तो विजिलेंस विभाग के अधिकारियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया। विजिलेंस विभाग ने जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा के सभी दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया है और शाखा के सुपरिंटेंडेंट को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। विजिलेंस की इस दबिश से वहां पर अफरा तफरी का माहौल बना रहा। विजिलेंस ने काफी रिकार्ड को कब्जे में भी लिया है। जिसकी छानबीन की जा रही है।