आम तोड़ने से मना करने पर बच्चे की हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार
बिहार से की गई गिरफ्तारी, दीवार पर सिर पटककर ले ली थी जान
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। आम तोड़ने से मना करने पर सात साल के बच्चे की दीवार पर पटककर हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जालंधर लाकर अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपी की पहचान मोहम्मद अली (33) निवासी गोदवाड़ा, थाना कोहड़ा, जिला कटिहार (बिहार) के रूप में हुई है।
डीएसपी करतारपुर सर्बजीत सिंह राय ने बताया कि 27 मई, 2018 को ग्रीन फील्ड इलाके में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले सात वर्षीय बच्चे मनोज की हत्या कर दी गई। पुलिस को दिए बयान में कमलेश कुमार यादव पुत्र रामानंद यादव मूल निवासी रामनगर थाना डी जिला रायबरेली (उत्तर प्रदेश) ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि 27 मई को मोहम्मद अली वरियाणा ग्रीन फील्ड में नौकरी करता है। वह उसके घर आया और उसे कोल्ड ड्रिंक मांगी। इसपर उसने फ्रिज में से एक बोतल दी और मोहम्मद अली से 50 रुपये लेकर 40 रुपये उसे वापस कर दिए। इस पर मोहम्मद अली ने धक्के के साथ फ्रिज से एक और बोतल निकालने की कोशिश की। कमलेश ने उससे ऐसा करने से रोका। इसपर मोहम्मद अली गुस्से में वहां से चला गया। मोहम्मद अली वहां से चला गया तो कमलेश ने अपने सात वर्षीय बेटे मनोज को फार्म हाउस का गेट बंद करने भेजा। रास्ते में मोहम्मद अली वहां आम के पेड़ों से आम तोड़ रहा था। मनोज ने जब उसे रोका तो मोहम्मद अली ने गुस्से में आकर मनोज का सिर पकड़कर कई बार उसे दीवार में दे मारा। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया था और पुलिस टीम का गठन कर बिहार भेजा गया था। डीएसपी सर्बजीत ने बताया कि पुलिस टीम ने 52 घंटे का सफर तय कर आरोपी को बिहार से काबू कर लिया है।