हैप्पी हत्याकांड में दो गिरफ्तार
12 से अधिक आरोपी अभी फरार, पुलिस की टीमें कर रहीं छापेमारी
मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद हुआ था विवाद, पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
वीरवार रात को बस्ती दानिशमंदा में बबरीक चौक पर अशोक कुमार उर्फ हैप्पी की बेरहमी से हत्या करने वाले दो आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कई अन्य की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
डीसीपी गुरमीत सिंह, एडीसीपी सुडन विजी, एसीपी कैलाश चंद्र ने प्रेस वार्ता में बताया कि हैप्पी हत्याकांड में जांच के दौरान सामने आया कि बाइक सवार सुखप्रीत व उसके पीछे बैठे जगरूप उर्फ रूप की इलाके में बाइक की टक्कर के बाद हैप्पी से तकरार हुई थी। जिसके बाद जगरूप ने अपने साथियों को लेकर हैप्पी की बेरहमी से हत्या कर दी। डीसीपी गुरमीत सिंह के मुताबिक, पुलिस ने दो को काबू कर लिया है, जिनकी पहचान जसपाल सिंह व रवि निवासी निझरां के रूप में हुई। पुलिस ने केस में जगरूप उर्फ रूप निवासी कोट सद्दीक, हैप्पी निवासी गदोवाली, गेलू बस्ती दानिशमंदा, डिंगी को नामजद कर उनकी तालाश में छापेमारी शुरू कर दी है ।
एडीसीपी सुडन विजी के मुताबिक हमलावरों की संख्या 10 से 15 के बीच थी, इसमें पुलिस तमाम हमलावरों की तलाश कर रही है। जिक्रयोग है कि वीरवार रात को तस्करी के आरोप में जेल की हवा खा चुके बस्ती दानिशमंदा निवासी अशोक कुमार उर्फ हैप्पी की बेरहमी से हत्या कर दी गयी थी।
इस मामले में भाजपा नेताओं ने पुलिस कमिशनर पीके सिन्हा को कटघरे में खड़ा कर आरोप लगाया था कि शहर में गुंडागर्दी का राज बढ़ता जा रहा है।
सुरिंदर पाल