अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट। बलबीर बस्ती में मंगलवार शाम एक कार बेकाबू होकर गली के मोड़ पर घर के बाहर महिलाओं पर जा चढ़ी। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतका की पहचान गंगा देवी पत्नी रक्खा राम के रूप हुई है। घायल महिला सुखप्रीत कौर पत्नी धर्मप्रीत सिंह को स्थानीय गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। थाना कोतवाली पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बलबीर बस्ती की गली नंबर-7 निवासी गंगा देवी, सुखप्रीत कौर समेत कुछ महिलाएं गली के मोड़ पर घर के बाहर बैठी बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान एक कार बेकाबू होकर उनके साथ आ टकराई जिससे गंगा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। सुखप्रीत कौर की टांग टूट गई। महिलाओं को टक्कर मारने से पहले उक्त कार ने एक बाइक को भी टक्कर मारी जिससे बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जांच अधिकारी एएसआई गुरदित्त सिंह ने बताया कि मृतक महिला के परिजनों के बयान पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी गई है। महिला के शव का बुधवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।