कुख्यात गैंगस्टर सुखप्रीत सिंह बुड्डा को निहालसिंह वाला की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने एक कारोबारी की हत्या के मामले में वांछित गैंगस्टर बुड्डा को अदालत ने पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अब आगामी पांच दिन मोगा पुलिस गैंगस्टर बुड्डा से गांव मानूके निवासी कारोबारी राजिंदर गोगा की हत्या समेत अन्य कई मामलों में पूछताछ करेगी।
कुख्यात गैंगस्टर सुखप्रीत सिंह बुड्डा को सीबीआई के इनपुट से इंटरपोल ने यूरोप के देश रोमानिया से 12 अगस्त 2019 को गिरफ्तार किया था। इसके बाद इंटरपोल ने गैंगस्टर सुखप्रीत बुड्डा को पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया और बाद में गैंगस्टर बुड्डा को संगरूर जेल भेज दिया गया था। इअब मोगा पुलिस ने गांव मानूके निवासी कारोबारी राजिंदर गोगा की हत्या में संलिप्त गैंगस्टर सुखप्रीत सिंह बुड्डा का अदालत से प्रोडक्शन वारंट मांगा था, जोकि मोगा पुलिस को निहालसिंह वाला की अदालत से मिल गया। बुधवार को संगरूर जेल में बंद गैंगस्टर बुड्डा को कड़ी सुरक्षा के बीच संगरूर जेल से लाकर निहालसिंह वाला की अदालत में पेश करके पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
डीएसपी निहालसिंह वाला मंजीत सिंह ने बताया कि 14 दिसंबर 2018 को निहालसिंह वाला के गांव मानूके में स्पेयर पार्ट्स के कारोबारी राजिंदर गोगा की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।मामले में गैंगस्टर सुखप्रीत सिंह बुड्डा समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। कारोबारी की हत्या के संबंध में पूछताछ के लिए अदालत से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर आरोपी का आठ दिन का पुलिस रिमांड मांगा गया था। अदालत ने आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। डीएसपी के अनुसार अलग अलग मामलों में वांछित गैंगस्टर बुड्डा को पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा। वर्ष 2017 में गांव मानूके के सरपंच बेअंत सिंह की हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पुलिस ने कारोबारी राजिंदर गोगा समेत कुछ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। वर्ष 2018 के नवंबर माह में अदालत ने सबूतों के अभाव में राजिंदर गोगा को सरपंच हत्याकांड में बरी कर दिया था। इसी रंजिश को लेकर अदालत के फैसले के एक माह बाद ही कारोबारी राजिंदर गोगा की हत्या कर दी गई थी।