सदर थाना के अधीन आते गांव जंडियाला के पास पत्ती शांद में भाभी से दुखी होकर देवर-देवरानी ने सल्फास निगलकर खुदकुशी कर ली।
मरने से पहले दंपति हरकमलजीत सिंह और अमरजीत कौर ने सुसाइड नोट लिखकर छोड़ा, जिसमें उन्होंने भाभी राजविंदर कौर व उसके रिश्तेदारों द्वारा प्रताड़ित करने की बात लिखी है। सूचना पाकर एसीपी कैंटोनमेंट बलविंदरइकबाल सिंह काहलों, सदर थाने के एसएचओ ओंकार सिंह बराड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भाभी, उसकी मां व उसके मामा के बेटे के खिलाफ खुदकुशी के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक गांव पत्ती शांद के रहने वाले किसान हरकमलजीत सिंह का भाई सरताज सिंह राजा कनाडा में बसा हुआ है। उसने पौने तीन साल पहले होशियारपुर की रहने वाली राजविंदर कौर से शादी रचाई थी। शादी के बाद सरताज सिंह राजा तो कनाडा चला गया लेकिन पत्नी को नहीं बुलाया। राजा ने राजविंदर कौर के वीजा का आवेदन किया था लेकिन वह किसी कारण कनाडा नहीं जा सकी।
राजविंदर ने होशियारपुर में सरताज राजा, उसकी मां पलविंदर कौर, अपने देवर हरकमलजीत सिंह, देवरानी अमरजीत कौर व अन्य ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दे रखी थी। राजविंदर कौर केस को निपटाने के लिए अपने देवर व देवरानी को पचास लाख रुपये लाने की मांग कर रही थी।
इसी बात से दुखी होकर हरकमलजीत सिंह, अमरजीत कौर ने मंगलवार को सल्फास की गोलियां खाकर जान दे दी। खुदकुशी करने से पहले हरकमल व उसकी पत्नी अमरजीत ने सुसाइड नोट लिखा। इसमें उन्होंने लिखा कि उसकी भाभी राजविंदर कौर उनको धमकियां देती है। उन पर झूठा केस भी दर्ज करवाने के लिए धमकाया जा रहा है इसलिए वे सल्फास खाकर अपनी जान दे रहे हैं।
सूचना पाकर पहुंचे एसीपी बलविंदर काहलो व ओंकार बराड़ ने मतक हरकमल की मां पलविंदर कौर के बयान कलमबद्ध कर राजविंदर कौर, उसकी मां मलकीयत कौर व उसके मामा के बेटे के खिलाफ खुदकुशी के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमों को होशियारपुर रवाना कर दिया गया है ताकि आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सके।