दो महिलाओं और एक बच्चे सहित एक ही परिवार के तीन लोगों की पंजाब में होशियारपुर के मुकेरियां के पास मंगलवार सुबह आठ बजे हुई एक दुर्घटना में मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार सात लोग वैष्णो देवी के दर्शन कर फरीदकोट लौट रहे थे। उनकी गाड़ी सड़क किनारे पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जालंधर भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक ट्रक पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था।
मृतकों के परिजनों ने ट्रक चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना का कारण ड्राइवर को झपकी आना रहा। फरीदकोट निवासी रणजीत सिंह अपनी स्कॉर्पियो में वैष्णो देवी मंदिर में मत्था टेकने गए थे। उनके साथ गाड़ी में उनकी मां, पत्नी, पुत्र, बहन, बहनोई और उनका बेटा भी शामिल थे। वे कटरा से देर रात 3 बजे वापस आ रहे थे। रणजीत सिंह वाहन खुद चला रहे थे।
रास्ते में रणजीत को झपकी आ गई और गाड़ी बेकाबू होकर सड़क से उतर कर टायर पंचर होने के कारण सड़क के किनारे पर खड़े ट्रक से टकरा गई। आसपास के लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहन से सबको बाहर निकाला लेकिन तब तक रणजीत सिंह की पत्नी मनदीप कौर, माता जसवंत कौर और बेटे शबद मौत हो चुकी थी, जबकि रंजीत, उसकी बहन परमिंदरजीत कौर, बहनोई अमरजीत सिंह और उनके बेटे एकम बुरी तरह से घायल हो गए।
जांच अधिकारी एएसआई रछपाल सिंह ने बताया कि मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचित किया गया और वह अस्पताल पहुंच गए थे। हादसे का शिकार हुए परिवार के परिजन ट्रक चालक के खिलाफ किसी भी कार्रवाई के लिए सहमत नहीं थे। वे इस बात से सहमत थे कि ट्रक चालक की कोई गलती नहीं थी।