जालंधर। पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अवतार हैनरी के खासमखास कांग्रेसी नेता और पार्षद पति माइक खोसला को पंजाब पुलिस के एएसआई ने कागज चेकिंग के लिए नाके पर रोका, तो बीच सड़क हंगामा हो गया। पार्षद पति का आरोप है कि एएसआई से हाथ जोड़कर छोड़ने के लिए कहा, मगर एएसआई ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने इस मामले की पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी है। सीपी ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच की जाएगी।
कांग्रेसी पार्षद पति माइक खोसला ने बताया कि उनकी पत्नी रिश्मा खोसला वार्ड नंबर 61 से पार्षद हैं। वह सोमवार को लाडोवाली रोड से होते हुए एसएसपी दफ्तर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में नाके पर एएसआई प्रवीण कुमार ने उन्हें रोक लिया। माइक खोसला का आरोप है कि उन्होंने एएसआई के सामने हाथ जोड़कर छोड़ने को कहा, लेकिन एएसआई ने दुर्व्यवहार किया। उन्होंने एएसआई को बताया भी कि वह पार्षद पति है। इसके बावजूद एएसआई नहीं माना और दुर्व्यवहार करता गया। मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर को दी है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि विभाग एएसआई को सस्पेंड करेगा। ऐसा न हुआ तो वह अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। वहीं एएसआई प्रवीण कुमार ने कहा कि पार्षद पति ने उसके साथ बड़ी ही गंदी भाषा में बात की है, इसलिए उनको जाने नहीं दिया गया। बाकी पार्षद पति ने जो आरोप लगाए हैं, वे सब झूठे हैं।