फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब में कोरोना से नौवीं मौत, मोहाली में एक दिन में 10 नए केस, प्रदेश में पीड़ितों की संख्या हुई 115

Thu, 09 Apr 2020 12:34 AM IST
पंचकुला ब्‍यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

पंजाब में मोहाली जिला कोरोना वायरस का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बनने लगा है। बुधवार को कोरोना के पॉजिटिव मरीजों के 10 और मामले सामने आने के बाद जिले में कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़कर 36 हो गई। यह राज्य में अन्य प्रभावित जिलों के मुकाबले काफी अधिक है। मोहाली के बाद नवांशहर में इसके सबसे अधिक 19 मामले हैं। रोपड़ के एक मरीज की चंडीगढ़ पीजीआई में मौत हो गई। यह पंजाब में कोरोना से होने वाली नौवीं मौत है।

विज्ञापन


बुधवार को कुल 16 नए मामले दर्ज किए गए। इनमें 10 मोहाली, दो जालंधर, दो लुधियाना और एक-एक फरीदकोट व मुक्तसर का है। लुधियाना में एक केस को छोड़कर सभी पहले से पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में थे। लुधियाना में जो दो नए मामले सामने आए हैं, इनमें से एक 15 साल का किशोर है। वह तब्लीगी जमात में शामिल हुए व्यक्ति का भतीजा है। 

वहीं दूसरा मरीज 24 साल का है। सिविल सर्जन ने बताया कि उसके यात्रा इतिहास को तलाशा जा रहा है। मुक्तसर में तब्लीगी जमात से संबंधित एक 17 वर्षीय युवक की रिपोर्ट में पॉजिटिव आई है। यह युवक मूलरूप से मेरठ (उत्तर प्रदेश) का है। दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज से साथियों समेत मुक्तसर आने के बाद कर्फ्यू के चलते वह लौट नहीं सका था। राज्य में अब तक 14 लोग कोरोना को मात देने में भी कामयाब हुए हैं। प्रदेश में इस घातक रोग से नौ मरीजों की मौत हो चुकी है।
विज्ञापन


नवांशहर में आठ, मोहाली में पांच लोग हो चुके हैं ठीक  
सेहत विभाग के अनुसार मोहाली जिले में एक संक्रमित की मौत हो चुकी है जबकि पांच लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। नवांशहर में कुल 19 मरीजों में से आठ लोग ठीक हो चुके हैं। अमृतसर जिले में 10 मरीजों में से 2 की मौत हो चुकी है। जालंधर जिले में 8 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि होशियारपुर व पठानकोट में 7-7 मरीज हैं।

होशियारपुर में अब तक एक मरीज की मौत हुई है और एक मरीज ठीक हुआ है। लुधियाना में आठ मरीजों में से 2 की मौत हो चुकी है। इनके अलावा मानसा में 5, मोगा में 4, रोपड़ में 3, फतेहगढ़ साहिब और फरीदकोट में 2-2, पटियाला, बरनाला व कपूरथला में 1-1 मरीज का इलाज चल रहा है। 

विधायक संधवां ने खुद को किया क्वारंटीन

जिले में कोरोना का दूसरा पॉजिटिव केस सामने आने के बाद सेहत विभाग द्वारा उसके संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है। इससे पहले ही कोटकपूरा से 'आप' विधायक कुलतार सिंह संधवां ने खुद ही पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने का खुलासा कर दिया। साथ ही अपने आपको घर में ही क्वारंटीन कर लिया। विधायक संधवां के अनुसार, फरीदकोट का दूसरा पॉजिटिव मरीज उनका करीबी रिश्तेदार है।

पिछले माह 15 मार्च को फरीदकोट में हुए भोग समागम के दौरान उनकी शख्स से मुलाकात हुई थी। बुधवार सुबह जैसे ही उन्हें उस युवक के पॉजिटिव होने की सूचना मिली तो उन्होंने खुद पहल करते हुए न सिर्फ एसडीएम कोटकपूरा को ईमेल करके जानकारी दी, बल्कि खुद को क्वारंटीन भी कर लिया। उन्होंने कहा कि हालांकि वह पूर्ण रूप से सेहतमंद हैं, लेकिन आशंका के चलते उन्होंने यह फैसला लिया है। इसके बाद सेहत विभाग जिस तरह की हिदायतें देगा, वह उसका पालन करेंगे।

मुक्तसर में नया केस: तब्लीगी जमात का युवक कोरोना पॉजिटिव
तब्लीगी जमात से संबंधित एक 17 वर्षीय युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। यह युवक मूलरूप से मेरठ का है। दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज से साथियों संग मुक्तसर आने के बाद कर्फ्यू के चलते युवक वापस लौट न सका। जानकारी के अनुसार बीते दिनों दिल्ली के निजामुदीन मरकज से मुक्तसर पहुंचे 14 तब्लीगी जमात के लोगों को प्रशासन ने पहले तो जामा मस्जिद में क्वारंटीन कर दिया था। मगर कुछ दिन पहले राज्य में तब्लीगी जमात के लोगों में कोरोना के ज्यादा केस सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन ने उन्हें सिविल अस्पताल में आइसोलेट करते हुए सैंपल जांच को भेजे थे।

प्रशासन ने तब्लीगी जमात के 14 व्यक्तियों के अलावा कुल 16 लोगों के सैंपल भेजे थे। जिनमें 15 की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। जबकि एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डिप्टी कमिश्नर एमके अरविंद कुमार ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि मुक्तसर में ये पहला केस है।

पठानकोट के 10 लोग होम क्वारंटीन

17 मार्च को दिल्ली से हिमाचल जाने के लिए धौलाधार एक्सप्रेस में कोरोना संक्रमित के साथ सफर करने वाले 5 लोगों को जिला पुलिस ने घरों में एकतांवास में रहने को कहा है। इसके अलावा कोरोना संक्रमित ने पठानकोट बस स्टैंड पर जिस ढाबे पर खाना खाया उसके मालिक और चार वर्करों के टेस्ट करवाए हैं। सभी टेस्ट में सामान्य पाए गए। 

डीएसपी सिटी ने थाना 1 और 2 और मामून कैंट पुलिस को पत्र जारी कर इन लोगों का मेडिकल करवाने की हिदायत दी थी। पत्र में बताया गया कि 17 मार्च को नई दिल्ली से पठानकोट आने वाली धौलाधार एक्सप्रेस के एस-2 कोच में कांगड़ा की तहसील इंदौरा के गांव रप्पड़ निवासी एक युवक सवार था। जिसका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है।

पूछताछ के दौरान विवरण दिया कि कोच में 10 यात्री उसके बगल में बैठे थे। इसके बाद उसने बस स्टैंड पठानकोट के नजदीक शुद्ध वैष्णो ढाबा में खाना खाया था। फिर बस से अपने गांव को रवाना हुआ था। जांच में पाया गया कि एस-2 में 5 लोग पठानकोट के थे और ढाबे पर भी 5 लोग मौजूद थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सभी की जांच कर घर में ही क्वारंटीन किया गया है। और नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है।

रोपड़ में मिले एक संदिग्ध के सैंपल जांच को भेजे

रोपड़ के गांव चतामली में एक परिवार के तीन लोगो में कोरोना वायरस की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अब एक और संदिग्ध व्यक्ति के सैंपल लिए गए हैं। सिवल सर्जन डॉ. एचएन शर्मा ने बताया कि शहर के एक संदिग्ध व्यक्ति का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। स्थानीय मोहल्ला उच्चा खेड़ा में एक अन्य राज्य के व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत हुई है, जिसके सैंपल जांच को भेजे हैं।

तब्लीगी जमात के 16 व्यक्ति आइसोलेट
बाजाखाना (फरीदकोट)। मोगा के गांव चीदा में चार व्यक्तियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कस्बा बाजाखाना के गांव मल्ला में तब्लीगी जमात से जुड़े कुछ लोगों को क्वारंटीन किया है, जबकि 16 व्यक्तियों को सिविल अस्पताल बाजाखाना में आइसोलेट करते हुए सैंपल अमृतसर भेजे हैं। 

एसएमओ बाजाखाना डॉ. अवतारजीत सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मोगा के गांव चीदा में तब्लीगी जमात के लोग आए थे और यही जमात गांव मल्ला में पहुंची थी। इस बात की सूचना मिलने पर मंगलवार शाम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस को साथ लेकर गांव मल्ला में जमात से जुड़े सभी व्यक्तियों की जांच की गई। 

इनमें से 16 संदिग्ध को तुरंत सिविल अस्पताल बाजाखाना में आइसोलेट कर दिया गया। एसएमओ के अनुसार सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि चीदा में पॉजिटिव पाए गए चार व्यक्ति पिछले माह 8 से 15 मार्च तक मल्ला में रुके थे। उधर, डीआईजी हरदयाल सिंह मान ने बुधवार को उपमंडल जैतो के पुलिस अधिकारियों को साथ लेकर गांव मल्ला पहुंचकर क्वारंटीन लोगों से मिले और उनसे जानकारी जुटाई। 
विज्ञापन

महिला ने अस्पताल में दम तोड़ा, कोरोना होने की आशंका

बरनाला जिले के कस्बा महिलकलां की रहने वाली 52 बर्षीय महिला ने लुधियाना के फोर्टिस अस्पताल में बुधवार को दम तोड़ दिया। सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉक्टर ज्यति कौशल ने बताया कि इस महिला को 5-6 दिनों से खांसी, जुकाम व बुखार हो रहा था और सांस लेने में भी तकलीफ आ  थी। जिसके चलते परिजन फोर्टिस अस्पताल लुधियाना ले गए। जिसकी वहां मौत हो गई। 

उन्होंने बताया कि लुधियाना के डीसी प्रदीप अग्रवाल की हिदायत पर सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने मृतक महिला के सैंपल लिए गए हैं। अभी रिपोर्ट आना बाकी है। मृतका का शव टेस्ट रिपोर्ट आने तक शवगृह में रखा गया है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जानकारी अनुसार इस महिला का कोई भी यात्रा इतिहास का पता नहीं चला है। इतना ही पता चला है कि इस महिला का पति ड्राइवर है, जो गुवाहाटी, असम गया है।

मरकज से लौटे चार लोग सिविल अस्पताल भुलत्थ रेफर
निजामुद्दीन मरकज से आए चार लोगों को शक के आधार पर ढिलवां की एसएमओ ने सिविल अस्पताल भुलत्थ रेफर किया है। ये लोग दिल्ली में मरकज में शिरकत करने के बाद काम की तलाश में पंजाब आए थे। सबसे पहले ये लोग अमृतसर पहुंचे और वहां से तरनतारन और लॉकडाउन में पैदल ही कपूरथला के ढिलवां आ गए। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें