कोरोना की जंग में अब मदद के लिए हाथ भी उठने लगे हैं। इसकी मिसाल है श्री गुरु रविदास फोर्स के प्रधान रॉबिन सांपला। रॉबिन अपनी टीम के आधा दर्जन सदस्यों के साथ रोजाना तीन गाड़ियों के काफिले में शहर के उन तमाम नाकों पर जाते हैं, जहां पर दिन रात पुलिस मुलाजिम ड्यूटी पर तैनात हैं। वह चाय पिलाते हैं, उनको बिस्किट व दूध देते हैं।
रॉबिन सांपला की संस्था में काफी नौजवान हैं और उनके सामने आ रहा था कि दुकानें व ढाबे बंद होने के कारण पुलिस को पानी व चाय की परेशानी है। कर्फ्यू के अगले ही दिन अपने साथियों के साथ फोन पर वार्तालाप किया और उसी समय तय किया सड़कों पर जो भी लोग नजर आएं, चाहे वह दिहाड़ीदार हो या रिक्शा चालक या पुलिस मुलाजिम, तमाम लोगों को चाय, दूध पिलाई जाएगी।
बाकयदा रोजाना सुबह अपनी फॉर्चूयनर गाड़ी में गर्म चाय, पानी की बोतलें, बिस्कुट के पैकेट, गर्म दूध रख लेते हैं और डिस्पोजल गिलासों में जालंधर में बांटते रहते हैं। रोजाना वह चार घंटे तक शहर की सड़कों पर सेवा कर वापस चले जाते हैं। इसके लिए वह किसी से फंड भी नहीं ले रहे हैं, रॉबिन का कहना है कि हम दोस्त ही मिलकर इस अभियान को चला रहे हैं।