-अगले दो दिनों के लिए भी कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी
-पंजाब में दिन का पारा सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे गिरा
-
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। कोल्ड वेव के असर से पंजाब में शिमला से ज्यादा ठंड हो गई है। रविवार को फरीदकोट 2 डिग्री के न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। वहीं शिमला का न्यूनतम पारा 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। फरीदकोट के बाद सबसे कम 3.0 डिग्री का न्यूनतम पारा आदमपुर का दर्ज किया गया।
पंजाब के अधिकतम तापमान में आज 1.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इससे अब यह सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे हो गया है। सबसे अधिक 26.5 डिग्री का पारा फरीदकोट का दर्ज किया गया। वहीं पंजाब के न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री की कमी दर्ज की गई। फिलहाल यह सामान्य के पास बना हुआ है लेकिन अमृतसर, पटियाला व बठिंडा का न्यूनतम पारा सामान्य के नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सोमवार व मंगलवार के लिए पंजाब के सात जिलों में कोल्ड वेव चलने का येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इन जिलों में जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा व फाजिल्का जिले हैं लेकिन फिलहाल पंजाब में अगले छह दिनों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। अगले 48 घंटों के दौरान पंजाब के न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा लेकिन इसके अगले तीन दिनों में 2 से 4 डिग्री तक पारा गिर सकता है।
रविवार को अमृतसर का न्यूनतम पारा 4.8 डिग्री (सामान्य से 1.7 डिग्री नीचे), लुधियाना का 8.0 डिग्री, पटियाला का 7.8 डिग्री (सामान्य से 1.9 डिग्री नीचे), पठानकोट का 5.3 डिग्री, बठिंडा का 6.2 डिग्री (सामान्य से 1.2 डिग्री नीचे), गुरदासपुर का 6.0 डिग्री दर्ज किया गया। अमृतसर का अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री, लुधियाना का 23.0 डिग्री, पटियाला का 24.0 डिग्री, पठानकोट का 22.9 डिग्री, बठिंडा का 24.5 डिग्री, गुरदासपुर का 22.5 डिग्री और एसबीएस नगर का 24.5 डिग्री दर्ज किया गया।
पंजाब में नवंबर में सामान्य से 68 फीसदी कम बारिश
पंजाब में नवंबर महीने में सामान्य के मुकाबले 68 फीसदी कम बारिश पड़ी है। 5.1 एमएम की सामान्य बारिश के मुकाबले 1.6 एमएम की बारिश पड़ी है। खास तौर से अमृतसर जिले में 90 फीसदी कम, बरनाला में 92 फीसदी, फतेहगढ़ साहिब में भी 92 फीसदी, फाजिल्का में 83 फीसदी, लुधियाना में 89. जालंधर में 93, पटियाला में 78 फीसदी, रूपनगर में 81 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई, जबकि बठिंडा, कपूरथला, पठानकोट, मानसा, मोहाली और एसबीएस नगर पूरी तरह से सूखे रहे।