मुक्तसर। सेतिया पेपर मिल के मालिकों से करोड़ों रुपये की डिमांड करने वाले दो आरोपियों के खिलाफ सदर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने पेपर मिल मालिकों को इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) की कार्रवाई का डर दिखाया था।
आरोपियों में मिल का एक पूर्व कर्मचारी मुक्तसर निवासी हरमंदर सिंह और लुधियाना निवासी सत्वंत शर्मा उर्फ पंडित शामिल है। यह मामला मिल के मालिक अजय सेतिया की शिकायत पर जांच के बाद दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, हरमंदर सिंह के खिलाफ पहले भी 27 मई 2025 को सेतिया पेपर मिल के मालिक अजय सेतिया और उनके पुत्र चिराग सेतिया की शिकायत पर कंपनी का डेटा चोरी कर ब्लैकमेल करने संबंधी केस दर्ज करवाया गया था जिसमें वह जमानत पर चल रहा है। अब हरमंदर सिंह ने लुधियाना निवासी सत्वंत शर्मा ने मिलकर सेतिया परिवार को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था। उन्होंने सेतिया परिवार को डर दिखाया कि उनके खिलाफ ईडी और अन्य विभागों में शिकायत हुई है जिसके संबंध में नोटिस जारी होने वाले है और यदि वह इन विभागों की कार्रवाई से बचना चाहता है, तो उनसे सेटलमेंट कर सकते हैं। इस सेटलमेंट के लिए प्रति विभाग 50 करोड़ रुपये की मांग की गई। आरोपियों ने यह दावा भी किया कि उसकी केंद्रीय गृह मंत्री और अन्य बड़े नेताओं से सीधी बातचीत है। अपनी धमकी को साबित करने के लिए उसने ईडी की ओर से सेतिया परिवार के खिलाफ डाक के माध्यम से समन भी भेज दिए। जब सेतिया परिवार ने ईडी के नई दिल्ली कार्यालय से संपर्क किया, तो पता चला कि यह समन फर्जी है। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने जांच के बाद हरमंदर सिंह और सत्वंत शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।