टांडा महोत्सव में आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तुति देते डुप्लीकेट अमिताभ बच्चन
- फोटो : TANDA
टांडा। टांडा महोत्सव के पांचवें दिन जूनियर अमिताभ बच्चन को देख दर्शक खासे उत्साहित हुए। बिग बी की फिल्मों के डायलॉग के साथ उनकी अनेक फिल्मों के गीतों पर इस कलाकार ने परफार्म किया। मुंबई से उनके साथ आई टीम ने खूबसूरत अंदाज में कई गीतों पर रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। वहीं, मुरादाबाद से आई गायिका अनु ने पुराने गीतों पर अपनी सुरीली आवाज से समां बांध दिया।
बीते मंगलवार से नगर में भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की याद में नौ दिवसीय टांडा महोत्सव का आयोजन चल रहा है। इसमें हर शाम महोत्सव के मंच से रंगारंग और सामाजिक प्रेरणा से ओतप्रोत कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जा रही है। शनिवार को पांचवीं शाम बिग बी जूनियर अमिताभ बच्चन के नाम रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री सूर्य प्रकाश पाल रहे। उन्हें पालिका अध्यक्ष मेहनाज जहां तथा अध्यक्ष प्रतिनिधि मकसूद लाला ने शाल ओढ़ाकर व उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
मंच पर जैसे ही अमिताभ बच्चन के डुप्लीकेट राजकुमार को लोगों ने देखा, तालियों के साथ उनका स्वागत किया। जूनियर बच्चन ने मंच पर कार्यक्रम की शुरुआत बिग बी अमिताभ बच्चन के अंदाज और आवाज में उनकी फिल्म के डायलॉग के साथ की। इसके अलावा मुंबई से उनके साथ आई टीम ने खूबसूरत अंदाज में कई गीतों पर रंगारंग प्रस्तुति दी। टीम की बेहतर प्रस्तुति से दर्शक तालियां बजाने से खुद को नहीं रोक पाए। मुरादाबाद की गायिका अनु ने भी पुराने गीतों पर अपनी सुरीली आवाज में प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में मंच का संचालन दिल्ली से आई हिमानी तथा रफत खान मुरादाबादी ने किया। इस दौरान महोत्सव में हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। पालिका बोर्ड के समस्त सभासद, अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रतिनिधि मकसूद लाला, मेहबूब अली ठेकेदार, जुल्फिकार मंसूरी, इरफान टांड़वी आदि मौजूद रहे।