पंजाब के जालंधर में एलपीजी गैस एजेंसी में चोरी हुई है। घटना पॉश इलाके जीटीबी नगर की है। चोर आधी रात दीवार फांदकर गैस एजेंसी के दफ्तर में घुसा था। घटना वहां लगे सीसीटीवी में भी कैद हुई है।
जालंधर के पॉश इलाके जीटीबी नगर में स्थित सर्वोदय गैस एजेंसी के दफ्तर को चोर ने देर रात निशाना बनाया। चोर दफ्तर से करीब 50 हजार रुपये की नगदी और एक मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
विज्ञापन
एजेंसी के मैनेजर विक्की के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे जब वह दफ्तर पहुंचे तो देखा कि शटर के ताले टूटे हुए थे। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि रात करीब 3 से 3:15 बजे के बीच चोर ने वारदात को अंजाम दिया। चोर स्कूटी पर आया था, जिसे उसने कुछ दूरी पर खड़ा किया और पिछले गेट की दीवार फांदकर दफ्तर में दाखिल हुआ।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी ने दफ्तर के कमरों की तलाशी ली और तिजोरी से नकदी व मोबाइल लेकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि गुरुद्वारा साहिब में तड़के श्रद्धालुओं की आवाजाही के बावजूद चोर बेखौफ वारदात को अंजाम देकर निकल गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।