संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद/फिरोजपुर। गांव चक्क जमालगढ़ (छोटा पंजेके) में एक ग्रंथी द्वारा दो बच्चियों से अश्लील छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। थाना अमीरखास पुलिस ने ग्रंथी पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित बच्ची की मां ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसकी नौ वर्षीय बच्ची एक निजी स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ती हैं। रविवार सायं उसकी बेटी अपनी स्कूल की 6 वर्षीय सहपाठी छात्रा के साथ गांव के गुरुद्वारा के बाहर खेल रही थी। गुरुद्वारा साहिब का ग्रंथी जोगिंदर सिंह ने दोनों बच्चियों को आवाज देकर गुरुद्वारा साहिब के अंदर बुलाकर अपनी गोद में बिठा लिया और अश्लील हरकतें करने लगा। लालच देने हेतु दो बार प्रसाद भी दिया। महिला ने बताया कि उसकी बच्ची रोती हुई घर आई और सारी बात उसे बताई। बच्ची के चेहरे पर ग्रंथी के दांतों के निशान भी मौजूद थे। इस संबंध में थाना अमीरखास पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर केवल कृष्ण ने बताया कि पुलिस ने आरोपी ग्रंथी पर मामला दर्ज कर लिया है।