संवाद न्यूज एजेंसी
मुक्तसर। मलोट रोड पर रविवार की रात सवा दस बजे एक पराली की गांठों से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली और कार में आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके साथ सवार दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार अबोहर वासी मनदीप सिंह पुत्र प्रेम सिंह अपने दो साथियों संदीप पुत्र तिल राय व काला सिंह पुत्र करनैल सिंह के साथ होंडा सिटी कार के जरिचे रात करीब सवा दस बजे मुक्तसर-मलोट हाईवे की ओर जा रहे थे। जब वह यादगारी गेट से थोड़ा आगे पहुंचे तो रात के अंधेरे में विजिबिलिटी कम होने के कारण सामने से आ रही पराली की गांठों से लोड ट्रैक्टर-ट्राली से जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार तरीके से लगी कि कार के दोनों एयरबैग खुल गए। हादसे में कार चालक मनदीप की मौत हो गई। जबकि उसके दोनों साथी संदीप और काला गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय पुलिस चौकी रुपाणा से कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, रुपाणा जन सेवा सहारा क्लब के पदाधिकारी डाॅ. गुरमीत सिंह व राजा शर्मा ने मौके पर पहुंच कर घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। फिलहाल ट्रैक्टर चालक मौके से फरार है। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।