संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट। बठिंडा रोड पर जैतो के पास रविवार दोपहर एक कार पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कोटकपूरा के सिविल अस्पताल और फरीदकोट के गुरु गोविंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मृतकों की पहचान गांव चंदभान निवासी सिमरजीत कौर, गांव गुरु की ढाब निवासी अंग्रेज कौर और गांव चंदभान के 11 वर्षीय राजविंदर सिंह के रूप में हुई है। थाना जैतो पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कार सवार सभी लोग गांव चंदभान से जैतो के एक मैरिज पैलेस में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। गांव से कुछ ही दूरी पर कार का चालक अचानक कार से संतुलन खो दिया। इससे कार बेकाबू होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे की सूचना मिलते ही चढ़दी कला वेलफेयर सेवा सोसाइटी और अन्य संस्थाओं के कार्यकर्ता मीत सिंह मीता की अगुवाई में एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को सिविल अस्पताल कोटकपूरा पहुंचाया। डॉक्टरों ने वहां दो महिलाओं और एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया। सात घायलों में से चार को फरीदकोट के मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। डीएसपी जैतो इकबाल सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।