फरीदकोट। भारतीय जनता पार्टी जिला फरीदकोट के नौजवान अध्यक्ष विजय छाबड़ा ने पार्टी को अलविदा कहते हुए अकाली दल में शामिल होने का एलान किया। बुधवार को यहां के अफसर क्लब में करवाए समारोह के दौरान अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने रस्मी तौर पर विजय छाबड़ा को अपनी पार्टी में शामिल किया और हर तरह के मान सम्मान का भरोसा दिया। सुखबीर बादल ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह हमला बोलते हुए कहा कि कैप्टन पिछले साल से अपने महल से नहीं निकले, ऐसे में उन्हें प्रदेश वासियों की दुख तकलीफ का कोई अहसास नहीं है। विधानसभा चुनाव के समय तो वह गुटका साहिब की झूठी शपथ लेकर सत्ता हासिल करने में कामयाब हो गए, लेकिन उनकी कोई चाल कामयाब नहीं होगी। किसानों के मसले को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित चार मेंबरी कमेटी पर सवाल उठाते हुए बादल ने कहा कि इस कमेटी के दो सदस्य मुख्यमंत्री कैप्टन के करीबी हैं, जिससे साफ है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा के साथ फ्रेंडली मैच खेल रहे हैं।
अकाली दल समारोह से प्रदेश भाजपा ने भंग की जिला ईकाई
उधर, जिला भाजपा अध्यक्ष विजय छाबड़ा के पार्टी छोड़ने से पहले ही प्रदेश भाजपा ने पार्टी की जिला इकाई को ही भंग कर दिया। बुधवार सुबह कोटकपूरा में प्रदेश भाजपा सचिव सुनीता गर्ग ने पत्रकारों को बताया कि जल्द ही पार्टी नई टीम का गठन करेगी।