आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में कनाडा पुलिस ने दावा किया है कि चारों आरोपी जेल में हैं और किसी को जमानत नहीं दी गई है। आरोपी करण बराड़, करणप्रीत सिंह, कमलप्रीत सिंह और अमनदीप सिंह पर फर्स्ट डिग्री मर्डर के साथ ही मर्डर की साजिश का भी आरोप लगाया गया था। उनको जमानत देने की बात सामने आई थी, लेकिन अब कनाडा पुलिस ने तस्वीर साफ कर दी है।
कनाडा के आरसीएमपी के आई हिट विभाग के मीडिया रिलेशन अधिकारी ने अधिकारिक रूप से बताया कि निज्जर हत्याकांड मामले में शामिल चारों आरोपियों को जमानत नहीं मिली है। उन्होंने आधिकारिक रूप से बयान देने के लिए अपना फोन नंबर 236-334-3081 जारी भी किया है। आई हिट विभाग कनाडा पुलिस का विंग है, जो निज्जर हत्याकांड की जांच कर रहा है। चारों आरोपियों को हिरासत में हैं और वे अभी भी हिरासत में ही रहेंगे। अगली अदालती पेशी 11 फरवरी को एक प्री-ट्रायल कॉन्फ्रेंस है और वे 12 फरवरी को भी अदालत में पेश होंगे।