संवाद न्यूज एजेंसी
सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला)। पंजाब में सरकार की युद्ध नशे के विरुद्ध मुहिम के तहत जिला पुलिस ने बुधवार को गांव तोती में एक नशा तस्कर की कोठी पर बुलडोजर चला दिया। एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा ने बताया कि यह पूरा परिवार नशे का कारोबार बड़े स्तर पर करता है और यह सभी प्रॉपर्टी नशे की कमाई से बनाई गई है। जिसको बीडीपीओ की मौजूदगी में कॉम्पिटेंट अथॉरिटी के आदेश के बाद गिरा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि गांव तोती में यह कार्रवाई सुरजीत सिंह की प्राॅपर्टी पर हुई है, नशे के धंधे में संलिप्त है। सुरजीत सिंह और उसके पारिवारिक सदस्यों पर कुल 18 एनडीपीएस के केस हैं। इस समय वह जेल में बंद है। उन्होंने बताया कि सुरजीत सिंह उर्फ तोता पर 2013 से विभिन्न थानों में एनडीपीएस के सात, उसकी पत्नी कुलवंत कौर उर्फ बिल्लो पर भी नशा तस्करी से संबंधित चार मामले दर्ज हैं। दंपति का बेटा राहुल भी एनडीपीएस का आरोपी है और फरार चल रहा है। इससे पहले कपूरथला के गांव बूट और धक्का कालोनी में नशा तस्करों की ओर से सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को गिराया जा चुका है। जिले में पिछले कुछ माह में नशा तस्करों से 3.5 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। अगले स्तर पर 1.5 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि नशा तस्करों की संपत्तियों की नीलामी के लिए न्यायालय के अनुरूप प्रक्रिया की पैरवी की जा रही है। इस मौके पर डीएसपी सुल्तानपुर लोधी गुरमीत सिंह और अन्य सिविल प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।