बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद नरेंद्र कश्यप ने
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चुनाव से पहले किए गए वायदों से मुकरने का
आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि मोदी ने चुनाव से पहले कहा था कि
प्रधानमंत्री बनने पर तब तक पाकिस्तान से कोई बात नहीं होगी, जब तक भारत
विरोधी गतिविधियों पर विराम नहीं लगता। विरोधी देश सीमा पर फायरिंग और
जम्मू कश्मीर में आतंकियों की मार्फत देश के जवान मरवा रहा है और 56 इंच का
सीना लेकर मोदी पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से बातचीत बहाली की घोषणा कर
रहे हैं।
कश्यप शनिवार को बहुजन समाज पार्टी की तरफ से केंद्र और
प्रदेश सरकारों की आरक्षण व जनविरोधी नीतियों के खिलाफ शुरू किए गए
देशव्यापी आंदोलन के तहत हरगोबिंदनगर ग्राउंड में जिला स्तर पर दिए गए धरने
के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर पूर्व राज्यसभा सांसद
अवतार सिंह करीमपुरी भी मौजूद रहे। बाद में शहर में रोष मार्च भी निकाला
गया।
उन्होंने बसपाईयों से संगठित होने का आह्वान किया। उन्होंने पलाही गेट
और पलाही गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बुत्तों को नुकसान
पहुंचाने की घटनाओं की भी निंदा की। कश्यप ने कहा कि फगवाड़ा में बाबा
साहेब के बुत्त तोड़े जाने के मामले की जांच के लिए एक आईएएस अधिकारी की
अगुवाई में उच्च स्तरीय कमेटी गठित की जाए। साथ ही उन्होंने मामले में
न्यायिक जांच की मांग भी की।
उन्होंने कहा कि एक लाख में से 40 हजार वर्कर
पिछड़े वर्ग और जनरल वर्ग से तैयार किए जाएंगे। इस अवसर पर बसपा के प्रदेश
कोआर्डिनेटर रशपाल राजू, जालंधर जोन इंचार्ज मास्टर राम लुभाया, जोन
इंचार्ज रोहित खोखर, मंडल कोआर्डिनेटर रचना देवी, तरसेम थापर, परगट संधू,
अर्जुन बावा, जिला कपूरथला प्रधान तरसेम डौला, जरनैल नंगल और काला प्रभाकर
उपस्थित थे।