फिरोजपुर की राजा मोहत्तम चौकी के पास बरामद हेरोइन के पैकेट दिखाते बीएसएफ के जवान।
- फोटो : FIROZPUR
ममदोट (फिरोजपुर)। बीएसएफ ने सर्च अभियान के दौरान फेंसिंग पार खेत से तीन किलो 120 ग्राम हेरोइन पकड़ी है। यह घटना ब्लाक ममदोट में पड़ती बीएसएफ की बीओपी राजा मोहत्तम के पास रविवार सुबह घटी है।
बीएसएफ के मुताबिक शनिवार की रात सरहद पर लगी फेंसिंग के साथ-साथ बटालियन-124 के जवान गश्त कर रहे थे। जवानों ने घनी धुंध व अंधेरे में फेंसिंग के नजदीक पास पाकिस्तानी तस्करों की हरकत महसूस की थी। पाकिस्तानी तस्कर फेंसिंग पार भारतीय सीमा में हेरोइन के पैकेट फेंक कर चले गए। रविवार सुबह बीएसएफ ने उस जगह पर सर्च अभियान चलाया। फेंसिंग से 15 मीटर की दूरी पर स्थित बार्डर पिलर नंबर-211/1 के पास से पीले रंग के टेप में लिपटे तीन पैकेट बरामद हुए। पैकेटों में तीन किलो 120 ग्राम हेरोइन निकली है। बीएसएफ उस किसान से पूछताछ कर रही है जिसके खेत से हेरोइन के पैकेट बरामद हुए हैं।