डेयरीवाल में नगर निगम की निशानदेही और डंपिंग ग्राउंड के विरोध में हलका विधायक जोगिंद्र पाल बुधवार को लोगों के साथ धरने पर बैठ गए। विधायक के साथ गांव डेयरीवाल के लोगों ने ढाई घंटा सरना-डेयरीवाल लिंक मार्ग धरना देकर ट्रैफिक जाम रखा। इस दौरान लोगों ने नगर निगम की कचरे की ट्रालियों को डेयरीवाल में घुसने से रोक दिया। सूचना पर जिला प्रशासन हरकत में आया और विधायक को आश्वासन देकर धरना से उठवाया। इसके बाद ट्रैफिक सुचारु ढंग से हुआ। वहीं, विधायक को आश्वस्त करने के बाद डेयरीवाल में निगम की ओर से करवाई जा रही निशानदेही के काम को आगामी आदेशों तक जिला प्रशासन ने रुकवा दिया। इसके अलावा विधायक ने मांग रखी थी कि उनके हलके में पड़ते नगर निगम के अधीन आए सभी वार्डों में नियमित सफाई करवाई जाए और कचरे की रोजाना लिफ्टिंग करवाई जाए। तहसीलदार से आश्वासन मिलने के बाद विधायक ने अपना धरना समाप्त नहीं किया।
विधायक बोले-हमारे हलके में डंप हो रहा पूरे शहर का कचरा
विधायक जोगिंद्र पाल ने कहा कि उनके हलके के कई गांव नगर निगम में शामिल हुए। जिसके बाद निगम ने उनके हलके में कैटल पाउंड, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और कचरे के लिए डंपिंग जोन बनाया। उन्होंने कहा कि पूरे शहर का कचरा यहां डंप होता है पर इन गांवों के कचरे को नहीं उठाया जाता। उन्होंने कहा कि कचरे से भरी ट्रालियों से रास्ते में ही बिखर जाता है। उन्होंने कहा कि जब तक इन 5 वार्डों में रोजाना लिफ्टिंग नहीं होती तब तक डेयरीवाल में कचरा डंप नहीं होने दिया जाएगा। लेकिन अधिकारी से आश्वासन मिलने के बाद विधायक और गांव वासियों ने धरना उठा लिया।
डीआरओ (जिला रेवेन्यू आफिसर) अरविंद्र प्रकाश वर्मा ने कहा कि विधायक जोगिंद्र पाल के मुताबिक वीरवार से ही निगम अधिकारी भोआ के अधीन आते पांचों वार्डों से रोजाना कूड़े की लिफ्टिंग कराएंगे। इसके अलावा आगामी आदेशों तक डेयरीवाल में हो रही जमीन की निशानदेही का काम रोका जाएगा। मुख्यमंत्री से विधायक की बैठक के बाद जो भी फैसला आएगा, उसके आधार पर कार्य किया जाएगा।