गुज्जरों के डेरों और संवेदनशील स्थानों का खंगाला चप्पा-चप्पा
बाहरी लोगों के आने-जाने पर जानकारी रखने की हिदायत, पठानकोट में हाई अलर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। पठानकोट पुलिस ने शहर में सामरिक महत्व वाले प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए तलाशी अभियान चलाया। यह अभियान खुफिया एजेंसियों की इनपुट के बाद एयरफोर्स स्टेशन के आसपास केंद्रित था। पठानकोट जिला सुरक्षा के लिहाजे से अति संवेदनशील माना जाता है।
थाना डिवीजन नंबर-1 के प्रभारी विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने गुर्जरों के डेरों में लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने संवेदनशील स्थानों की भी जांच की। सीमा पार बैठे पाकिस्तानी आतंकी आए दिन बड़ी साजिशों को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए पाकिस्तानी तस्कर भी सतर्क हो जाते हैं। पुलिस ने डेरों के लोगों को नए या अनजान व्यक्ति की गतिविधियों पर सजग रहने के निर्देश दिए। किसी भी असामान्य गतिविधि की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए भी कहा गया।
सुरक्षा उपाय और अपील
पुलिस ने एयरफोर्स स्टेशन के आसपास के क्षेत्र को महत्वपूर्ण मानते हुए विभिन्न स्थानों पर जांच की। अधिकारियों ने नियमित गश्त जारी रखने और सुरक्षा संबंधी सूचना को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपने आसपास की गतिविधियों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने को कहा गया। महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा और निगरानी लगातार जारी रहेगी।
फोटो: 02 पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन तरफ पुलिस जांच करती हुई।