संवाद न्यूज एजेंसी
फगवाड़ा। हरगोबिंद नगर इलाके में वीरवार दोपहर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। महिला की हिम्मत और सूझबूझ के चलते लुटेरे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।
जानकारी के अनुसार, नीलम मनचंदा अपनी देवरानी प्रीति मनचंदा के साथ घर लौट रही थीं। इसी दौरान दो युवकों ने उन्हें रास्ते में रोका और नीलम की चेन छीनने की कोशिश की। नीलम ने चेन को मजबूती से पकड़ लिया। छीना-झपटी में चेन टूटकर सड़क पर गिर गई। आरोपी चेन लेकर फरार होने में नाकाम रहे और मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से भाग गए। एसपी मेजर सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।