संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। मोगा पुलिस ने 300 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें असली मालिकों को लौटाए। यह सफलता भारत सरकार के सीईआईआर (केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर) पोर्टल की मदद से मिली।
पुलिस ने 1 जून, 2026 से अब तक तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर इन मोबाइल फोन को ट्रेस किया। पुलिस महानिरीक्षक नीलांबरी जगदाले और पुलिस अधीक्षक सरताज सिंह चाहल ने बरामद मोबाइल फोन मालिकों को सौंपे। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लाखों रुपये है। पुलिस ने विभिन्न जिलों और अन्य क्षेत्रों से फोन बरामद किए। जनता से अपील है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाएं। सीईआईआर पोर्टल पर फोन ब्लॉक करने से दुरुपयोग रुकता है, ट्रेसिंग में मदद मिलती है। मोगा पुलिस ने भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रखने की बात कही।