आढ़ती से गाड़ी जब्त करने के नाम पर धमकाकर दो हजार रुपये की रिश्वत मांगने व बाद में एक हजार रुपये लेने का वीडियो वायरल होने और शिकायत मिलने के बाद थाना माडल टाउन पुलिस ने सदर थाने में तैनात एएसआई के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट जिला पुलिस प्रमुख को भेजी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सब्जी मंडी में फल का कारोबार करने वाले भाग सिंह जब फलों की सप्लाई करने के बाद लौट रहा था तो नाके पर खड़े थाना सदर के एएसआई ने उसकी गाड़ी को रोका और कर्फ्यू पास दिखाने पर कहा कि इसकी वैद्यता खत्म हो चुकी है।
जब कारोबारी ने बताया कि प्रशासन ने कर्फ्यू पास की वैद्यता बढ़ाई है और यह मान्य है। इस पर एएसआई ने उनको यह कहकर जाने दिया कि वह उसके कार्यालय में आकर मिलेगा। शिकायतकर्ता के मुताबिक एएसआई उसकी गैर मौजूदगी में उसके कार्यालय पहुंचा और उसके कारिंदे से दो हजार रुपये मांगे। इस पर कारिंदे ने फोन पर उसकी बात भाग सिंह से करवा दी।
भाग सिंह को गाड़ी इपाउंड करने की धमकी देते हुए मुलाजिम ने थानेदारी का रौब दिखाया और 2 हजार रुपये मांगे। इसके बाद एक हजार रुपये लेने को मान गया। भाग सिंह के कहने पर उसके कारिंदे ने एक हजार रुपये दे दिए, जो एएसआई लेकर चला गया।
यह सारी घटना कारोबारी के कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। यही नहीं उससे पैसे मांगने की फोन कॉल भी रिकॉर्ड कर ली गई। इस संबंध में जब माडल टाउन के थाना प्रभारी बलविंदर सिंह जौड़ा से बात की तो उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत के संबंध में सारी रिपोर्ट तैयार करके कार्रवाई के लिए एसएसपी को भेजी गई है।