शहर में सोमवार देर शाम कैंट इलाके से सटे रंजीत एनक्लेव में भारतीय सेना के मेजर की करीब चार वर्षीय बेटी का अपहरण कर लिया गया।
घटना के बाद पुलिस और सेना के अधिकारी चौकस हो गए हैं। आल्टो कार में सवार अपहरणकर्ताओं ने उस समय बच्ची को अगवा किया जब वह अपने नाना की कोठी के बाहर खेल रही थी। हालांकि पुलिस ने फिरौती मांगे जाने की बात से इनकार करते हुए मामले की जांच पारिवारिक विवाद के मद्देनजर भी शुरू कर दी है।
इस बीच पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अपहरणकर्ताओं ने मोबाइल पर कॉल करके एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है।
अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पारिवारिक सदस्यों से घटना का ब्यौरा लिया। आशंका है कि बच्ची व उसके परिवार से अपहरणकर्ता पूरी तरह से परिचित थे। एक अपहरणकर्ता ने बच्ची को उसका नाम लेकर पुकारा और वह दौड़ती हुई कार के पास चली गई।
अपहरणकर्ता उसे कार में बैठाकर फरार हो गए। घटना के समय बच्ची के पिता फिरोजपुर के हेड क्वार्टर में मेजर सुखजीत सिंह ड्यूटी पर थे। उनकी पत्नी नवनीत कौर बेटी दिया के साथ अपने मायके पिता हरिंद्र सिंह के पास आई हुई थी। हरिंद्र सिंह भी सेना से सेनानिवृत अधिकारी है और रंजीत एनक्लेव में रहते हैं।
पुलिस अधिकारी मोबाइल और टायर लोकेशन के माध्यम से अपहरणकर्ताओं की तलाश कर रहे है और अपहरणकर्ताओं का हुलिया लेकर पूरे प्रदेश में चौकसी के आदेश जारी कर दिए गए है। इस बीच पुलिस को देर रात चहेड़ू के पास आल्टो कार लावारिस हालत में मिली है।