जालंधर के रामनगर (फाटक के पास) इलाके में मंगलवार रात करीब 11 बजे उस समय दहशत फैल गई, जब कथित तौर पर 15 हथियारबंद युवकों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने तलवारों से परिवार के सदस्यों पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में पिता, मां, बेटा और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हमलावरों ने गली में खड़ी गाड़ियों और एक थार को भी निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ की। पीड़ित महिला के मुताबिक, घटना के समय उनके पति और बेटा घर पहुंचे ही थे कि पीछे से कुछ युवक गाली-गलौज करते हुए वहां आ गए। परिवार के सदस्य जब बाहर निकले तो आरोपियों ने उन पर तलवारों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची मां और बेटी को भी हमलावरों ने पीटा और घसीटा।
परिवार के सदस्यों ने सिर पर वार रोकने के लिए हाथ आगे किए, जिससे उनके सिर, हाथ और कंधों पर चोटें आईं। पीड़ित परिवार ने अपनी पड़ोसी महिला नीलम सोढ़ी पर हमलावरों को भेजने का आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि वे आम आदमी पार्टी से जुड़े हैं और पिछला चुनाव भी लड़ चुके हैं, जबकि आरोपी महिला भाजपा से संबंधित है।
पीड़ितों का आरोप है कि चुनावी और राजनीतिक रंजिश के चलते महिला ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर युवकों को उनके पीछे भेजा। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई स्पष्ट होगी। हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पीड़ित परिवार ने तुरंत 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। थाना नंबर-1 की पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है।