टांडा (रामपुर)। नगर में जमात के पांच लोग पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रशासन ने टांडा के तीन किलोमीटर के एरिया को हॉट स्पॉट घोषित कर दिया। इसका असर शनिवार को देखने को मिला। प्रशासन द्वारा नगर के मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली सभी गलियों को बंद कर दिया गया। वहीं एसडीएम द्वारा बनाई गई स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा नगर में भ्रमण कर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करना शुरू कर दिया है ।
मुरादाबाद से टांडा आए 11 जमातियों में पांच जमातियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद से अब तक प्रशासन द्वारा नगर में संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए बड़े पैमाने पर सुरक्षा के कदम उठाए गए हैं। पहले जमातियों के संपर्क में आए 13 रिश्तेदारों, पालिकाध्यक्ष का परिवार तथा एक अन्य परिवार के 12 सदस्यों समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा स्टाफ को क्वारंटीन कर दिया गया। वहीं मोहल्ला मनिहारान को केंद्र मानकर टांडा के तीन किलोमीटर एरिया को हॉट स्पॉट घोषित कर दिया गया। वहीं प्रशासन द्वारा टीम बना कर नगर में सभी लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करना शुरू करा दिया गया है। इसके अतिरिक्त नगर के मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली सभी गलियों को पुलिस द्वारा बल्लियों और अन्य वस्तुओं से ब्लॉक कर दिया गया। प्रशासन ने लगातार नगर में भ्रमण कर लोगों से घरों में रहने की अपील की और प्रशासन की सख्ती के चलते शनिवार को नगर के मुख्य मार्ग सहित अंदर गलियों में भी सन्नाटा पसरा रहा।