जालंधर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मिले हुए हैं। यह दोनों एक हीं हैं व एक दूसरे की मदद करते हैं। पंजाब में भी दोनों का उद्देश्य एक ही है, इसलिए पंजाब के लोगों को इन दोनों से सावधान रहने की जरूरत है। यह बात आल इंडिया कांग्रेस कमेटी की सचिव व पूर्व सांसद रंजीत रंजन ने कही।
कांग्रेस भवन में एक बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में दिल्ली माडल पेश किया है, लेकिन सच तो यह है कि दिल्ली के लोग अरविंद केजरीवाल के दिल्ली माडल से परेशान हैं। उन्होंने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब के लोगों को गुमराह कर रही है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जो भी बातें कर रहे हैं, वह मुंगेरीलाल के हसीन सपने से ज्यादा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि एक कांग्रेस ही है जो कि लोगों के हितो की रक्षा कर सकती है, इसलिए उन्हें पूरा विश्वास है कि पंजाब के लोग कांग्रेस को ही वोट देंगे।