जिले में शिक्षा विभाग के सामने ही कई ऐसे प्राइवेट स्कूल चल रहे हैं, जिन्होंने मान्यता तक नहीं ली हुई है।
ये स्कूल बिना विभाग की मान्यता के चल रहे हैं और प्रशासन कई बार इन स्कूलों को मान्यता लेने के लिए कह चुका है। अब प्रशासन ने बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों पर शिकंजा कसने का मन बनाया है।
इन प्राइवेट स्कूलों को 15 दिन के भीतर अपनी अर्जी सर्व शिक्षा अभियान के जिला कोआर्डिनेटर के पास जमा करवाने का एक आखिरी मौका दिया गया है।
शिक्षा अधिकारियों के साथ मीटिंग करते एडीसी जरनल गरीश दयालन ने कहा कि जिले में अभी तक 640 स्कूलों की ओर से मान्यता प्राप्त करने के लिए अर्जी दी गई थी।
इनमें से शर्तें पूरी करने वाले 28 स्कूलों को मान्यता दी गई है और बाकी अर्जियों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि बार-बार सूचित किए जाने के बाद भी 4 स्कूलों की ओर से अर्जी नहीं भेजी गई है, जिसके बाद इन स्कूलों के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है।
एडीसी ने सभी शिक्षा अधिकारियों से कहा है कि वे अपने ब्लॉक के अधीन चल रहे स्कूलों की पहचान कर उनको रिपोर्ट भेजें। इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले में जिन स्कूलों ने कभी भी मान्यता के लिए अप्लाई नहीं किया है, उनको 30 दिन का समय दिया जाता है। जिन स्कूलों को विभाग की ओर से नोटिस जारी कर दिए गए हैं, वे स्कूल 15 दिन के भीतर अपनी अर्जियां विभाग को भेज दें। नोटिस पर संज्ञान न लेने वाले स्कूलों के साथ सख्ती से पेश आया जाएगा।