अभिनय से पहले पत्रकार बनना चाहते थे बालीवुड अभिनेता अभय देयोल। यह बात उन्होंने मंगलवार को एलपीयू के विद्यार्थियों से साझा की।
अभिनेता अभय देओल और पूर्व मिस ग्रेट ब्रिटेन प्रीति देसाई मंगलवार को एलपीयू परिसर में अपने प्रमोशनल कार्यक्रम के लिए पहुंचे। इस दौरान दोनों सितारों ने एलपीयू के विद्यार्थियों और स्टाफ के साथ अपने कैरियर के अनुभव साझा किए।
बालीवुड में अपने अभिनय से अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता अभय देयोल ने कहा कि स्कूल के दिनों उनका रूझान एक्टिंग, पेंटिंग, साइकोलॉजी और पत्रकारिता में था।
लेकिन मन में कहीं न कहीं चाचा धमेंद्र और देओल भाईयों की तरह अभिनय करने की चाह भी थीं। अभय ने कहा कि उन्होंने आखिर में अभिनय को चुना। पूर्व मिस ग्रेट ब्रिटेन प्रीति एक ब्रिटिश भारतीय फिल्म अभिनेत्री और भारतीय सुपर मॉडल है। एक ब्रिटिश भारतीय के रूप में, उन्होंने भारतीय मूल की पहला मिस ग्रेट ब्रिटेन खिताब जीतने के साथ इतिहास रचा है।
इस दौरान दोनों कलाकारों ने फाइन आर्ट्स और फैशन में विदेशी विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी होने के नाते पत्रकारिता और फिल्म निर्माण, ललित कला और फैशन प्रौद्योगिकी पर विशेष बातचीत की। अभिनेता अभय ने लॉस एंजिल्स (यूएसए) से फाइन आर्ट्स का अध्ययन किया है और प्रीति ने ब्रिटेन में अपनी पढ़ाई पूरी की है।
अभिनेता अभय ने ओए लक्की लक्की ओए , देव डी, जिंदगी ना मिलेगी दोबारा जैसी फिल्मों से सराहनीय अभिनय किया है। अभिनेत्री प्रीति ने अपने अभिनय की शुरूआत फिल्म शोर इन द सिटी से की। अभिनेता ने कहा कि मदर इंडिया हिंदी सिनेमा की बेहतरीन फिल्मों में से है। एलपीयू में दोनों सितारों का स्वागत एलपीयू के चांसलर अशोक मित्तल ने किया। यूनिवर्सिटी परिसर में सितारों से मिलने के लिए विद्यार्थियों में काफी उत्साह रहा।