फिरोजपुर। मल्लांवाला-जीरा रोड स्थित गांव वल्टोहा के नजदीक पुलिस ने राजस्थान से आए एक ट्रक से अस्सी किलो अफीम के डोडे संग आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना मल्लांवाला पुलिस ने वीरवार को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मल्लांवाला पुलिस टीम गश्त कर रही थी कि मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी राजस्थान से अफीम व चूरापोस्त लाकर बेचने का धंधा करता है। आज भी आरोपी बलजिंदर सिंह वासी गांव ठठी खारा जिला तरनतारन राजस्थान से ट्रक में अफीम के डोडे लेकर आ रहा है। पुलिस ने मल्लांवाला-जीरा रोड स्थित गांव वल्टोहा के पास नाकाबंदी कर ट्रक को रुकवाया। तलाशी लेने पर ट्रक से अस्सी किलो अफीम के डोडे मिले। पुलिस ने बलजिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक अफीम की बिजाई के सौ दिन बाद पौधे से फूल निकलता है, फूल के बीस दिन बाद डोडा निकलता है। इस डोडे पर चीरा लगा दिया जाता है। इसमें से निकलने वाला तरल पदार्थ से अफीम बनती है। यही डोडे राजस्थान से बलजिंदर लेकर आ रहा था। उधर, एक दूसरे मामले में गुरुहरसहाय पुलिस ने गांव सोहनगढ़ रत्ते वाला के पास एक आरोपी सुक्खा सिंह वासी सोहनगढ़ रत्ते वाला अपने सिर पर बैग रखे पैदल आ रहा था। पुलिस को देख घबरा गया और अंधेरे में बैग खेत में फेंक कर भाग गया। पुलिस ने बैग चेक किया तो उसमें लगभग दस किलो चूरापोस्त था। थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने सुक्खा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।