लोहियां। गांव मंडाला में बने छप्पड़ में शनिवार को दो बच्चे डूब गए। यह बच्चे छप्पड़ के पास लगे जामुन के पेड़ से जामुन तोड़ने गए थे। जब यह घटना हुई उस समय करीब एक दर्जन बच्चे जामुन तोड़ रहे थे। बच्चों की पहचान गौरव (11) पुत्र सतपाल निवासी मंडाला और राजविन्दर (12) पुत्र शिंदर के रूप में हुई है।
मृतक के दोस्तों के मुताबिक वह गांव की जमीन पर बने छप्पड़ में जामुन तोड़ रहे थे। गौरव और राजविन्दर नहाने के लिए छप्पड़ में उतर गए, जिस कारण उनकी मौत हो गई। लोगों के मुताबिक यह छप्पड़ करीब 10 फीट गहरा है। घटना की सूचना बच्चों ने ही गांव निवासियों को दी। सूचना मिलने के बाद गांव के लोग वहां पहुंचे और बच्चों को बाहर निकाला गया। इन्हें इलाज के लिए लोहियां अस्पताल लेकर गए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गांव के सरपंच जरनैल सिंह के मुताबिक राजविन्दर तीन बहनों का एक ही भाई था।