जालंधर। देवी तालाब मंदिर के प्रधान शीतल विज के बेटे की फैक्टरी में विषैला भोजन खाने से तीन की मौत पर डीसी श्रुति सिंह ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। यह जांच एसडीएम-1 इकबाल संधू को दी गई है और 10 दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है। इस जांच में एसडीएम के साथ जीएम इंडस्ट्री और सिविल सर्जन को भी तैनात किया गया है। एसडीएम वन इकबाल संधू ने इसकी पुष्टि की और कहा कि इस घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जाएगी।
विज्ञापन
वहीं दो व्यक्तियों की हालत शनिवार को गंभीर देखकर उनको डीएमसी लुधियाना शिफ्ट कर दिया गया है। जिनकी पहचान जयंत और रामानंद के रूप में हुई। वहीं जालंधर किडनी अस्पताल में दो मरीज अभी दाखिल हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। सिविल सर्जन आरएल बस्सन ने देवी तालाब मंदिर अस्पताल, करण अस्पताल व किडनी अस्पताल से पूरी रिपोर्ट मांगी है कि वह मरीजों के दाखिल व उनके इलाज का पूरा ब्यौरा सिविल सर्जन कार्यालय को दें। उनसे अपनी रिपोर्ट सात दिन के भीतर सिविल सर्जन कार्यालय में जमा करवाने का आदेश दिया गया है।