नवांशहर। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि विधानसभा में कांग्रेसी विधायकों द्वारा किया गया व्यवहार माफी लायक नहीं है। इसे कानूनी तौर पर निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अलग से मॉक सेशन चला रही है, उसे अलग मॉक सरकार भी बना लेनी चाहिए। मुख्यमंत्री शनिवार को शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
इस मौके पर बादल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा सेशन का बायकाट कर गलत परंपरा शुरू की है। कांग्रेसी विधायक लड़की को बिना पास के विधानसभा में लाना चाहते थे, जो कि सरासर गलत है। यही नहीं, उन्होंने चेयर की भी बेअदबी की तथा पुलिस कर्मचारी से मारपीट की। इसे किसी भी कीमत पर सही नहीं ठहराया जा सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली से नवनियुक्त पीपीसीसी प्रधान प्रताप सिंह बाजवा ने कांग्रेसी विधायकों को सेशन बायकाट की सलाह दे दी। माक सेशन चलवाया।
सीएम ने चुटकी लेते हुए कहा कि कल को कहीं कांग्रेसी जिलों के डीसी भी खुद ही न ऐलान करने लगें । उन्होंने कहा कि बाजवा का अभी हनीमून पीरियड है तथा इसी हनीमून के चक्कर में उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि देने की बजाए इसीदिन अपना ताजपोशी समारोह रख लिया व शहीदों की शहादत को भूल गए। इस मौके पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष कमल शर्मा, कैबिनेट मंत्री सरवन सिंह फिल्लौर, चौधरी नंद लाल आदि भी उपस्थित थे।
किसी को भ्रष्टाचार की छूट नहीं
अकाली भाजपा सरकार के दौरान पीटीयू जालंधर में डिस्टेंस एजूकेशन के नाम पर धांधली व तीन हजार करोड़ की केंद्रीय ग्रांट के घोटाले संबंधी आरोपों पर उन्होंने कहा कि किसी को भी भ्रष्टाचार की छूट नहीं दी जाएगी तथा आरोप सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
पिछड़ा इलाका होने के कारण मुक्तसर को अधिक ग्रांट
अपने विवेकाधीन फंड में से नब्बे प्रतिशत राशि मुक्तसर जिले में बांटे जाने पर उन्होंने कहा कि मुक्तसर पिछड़ा हुआ इलाका है तथा इसीलिए वहां इतनी ग्रांट दी गई है।