कपूरथला। माता-पिता द्वारा एनआरआई दोस्त से शादी न करने देने पर एक युवती ने सुसाइड कर लिया और परिजनों ने चुपचाप उसका अंतिम संस्कार कर दिया। थाना सिटी पुलिस ने इस मामले में लड़की के मां-बाप समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है।
थाना सिटी पुलिस को दी शिकायत में हरमीत सिंह निवासी जयसिंह नगर लुधियाना ने बताया कि उसकी भांजी रमनदीप कौर निवासी थाना सदर क्वार्टर कपूरथला ने एक मार्च को फोन पर उसे बताया था कि इटली के एनआरआई जसविन्द्र सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी गांव भेटां से उसकी दोस्ती है और दोनों शादी करना चाहते हैं। परंतु उसके पिता भूपिन्द्र सिंह और माता मनजीत कौर इसके लिए तैयार नहीं हैं। गांव ईबन निवासी तांत्रिक महिंद्र सिंह भी शादी न होने देने के लिए माता पिता के साथ मिलकर साजिश रच रहा है।
पुलिस के मुताबिक हरमीत ने बताया कि तीन मार्च को रमनदीप ने दोबारा फोन पर बताया कि दोस्त जसविन्द्र सिंह का इटली से एसएमएस आया है कि वह उससे शादी नहीं कर सकता क्योंकि उसके माता पिता व तांत्रिक उस पर शादी न करने का दबाव डाल रहे है तथा जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। लड़की ने कहा था कि अगर वह आत्महत्या कर ले तो इनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
हरमीत के मुताबिक पांच मार्च को एक महिला रिश्तेदार ने बताया कि उसकी भांजी ने आत्महत्या कर ली है तथा परिजनों ने बिना किसी को बताए उसका संस्कार कर दिया है। थाना सिटी पुलिस ने हरमीत क ी शिकायत के आधार पर लड़की के पिता भूपिन्द्र सिंह, माता मनजीत कौर व तांत्रिक महिन्द्र सिंह तथा दोस्त जसविन्द्र सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।