जालंधर। गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के लद्देवाली रीजनल कैंपस में आयोजित मीडिया फेस्ट अनियमितताओं की भेंट चढ़ गया। मंगलवार को रीजनल कैंपस में मीडिया फेस्ट बोनजोर का आयोजन किया गया था। इसमें आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए राज्य भर के कालेजों को आमंत्रित किया गया था। फेस्ट प्रबंधकों ने हर कालेज के विद्यार्थियों को सुबह 10 बजे तक रजिस्ट्रेशन करवाने के नियम की जानकारी दी थी। इसके बाद 11 बजे प्रतियोगिताएं आरंभ होनी थी। विभिन्न कालेज की टीमें समय के मुताबिक यूनिवर्सिटी के रीजनल कैंपस में पहुंच भी गए, लेकिन अनियमितताओं के कारण मीडिया फेस्ट 11 बजे की बजाय दोपहर एक बजे शुरू हुआ। हालांकि फेस्ट में देरी का कारण प्रबंधक मुख्यातिथि यानी पंजाब विधानसभा के स्पीकर चरणजीत सिंह अटवाल के देरी से आने का बता रहे हैं, लेकिन रीजनल कैंपस के प्रबंधक खुद भी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार नहीं थे। वह मुख्यातिथि के आने से बाद भी तैयारियों में लगे हुए थे।
यहीं नहीं इवेंट में प्रतिभागियों की संख्या को कम देखते हुए प्रबंधकों ने अपने ही कैंपस की तीन टीमें बना ली। उन्हें हर इवेंट में डाल दिया। इनमें एक टीम पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग, दूसरी लॉ विभाग और तीसरी बीटेक की शामिल थी। इसके बाद भी स्टेज पर बार-बार रजिस्ट्रेशन करवाने की घोषणा की गई। कई कालेजों के विद्यार्थी परेशान दिखे और वह इवेंट की जानकारी लेने के लिए बार-बार मंच पर ही आते रहे।