मिल को बंद करके भोगपुर शिफ्ट की जा रही मशीनरी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट।
स्थानीय सहकारी चीनी मिल को स्थायी तौर पर बंद करके मशीनरी को भोगपुर शिफ्ट करने के खिलाफ चल रहे अनशन में रविवार को आप के मालवा जोन अध्यक्ष गुरदित्त सिंह सेखों भी शामिल हो गए। सेखों ने अपना अनशन मिल के बाहर शुरू किया। उसके बाद उन्होंने शहर के भाई घन्हैया चौक के पास डेरा जमा लिया है।
जैतो से आप विधायक मास्टर बलदेव सिंह ने बताया कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार महज एक साल के भीतर ही फेल हो गई है। सभी वर्गों को सब्जबाग दिखाकर सत्ता में आई कांग्रेस ने लोगों के साथ विश्वासघात किया है। ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। मरणव्रत पर बैठे गुरदित्त सिंह सेखों ने कहा कि फरीदकोट के किसान, मजदूर संगठनों समेत अन्य जत्थेबंदियों ने सहकारी चीनी मिल चलाने की मांग को लेकर पहले धरना दिया। उसके बाद भूखहड़ताल भी रखी लेकिन किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने लोगों की सुध लेना जरूरी नहीं समझा। इससे उन्हें यह कदम उठाने को मजबूर होना पड़ा। मौके पर आप के जिला प्रधान सनकदीप सिंह संधू, स्वर्ण सिंह, शविंदर संधू, दलीप सिंह, मास्टर मक्खन सिंह, अमन वडिंग, नरिंद्र राठौर मौजूद थे।
------
फोटो 29एफआरडीपी01
फरीदकोट में चीनी मिल चलाने की मांग को लेकर मरणव्रत पर बैठे आप नेता गुरदित्त सिंह सेखों के साथ विधायक बलदेव सिंह व एक्शन कमेटी के कार्यकर्ता
-------