उत्तर रेलवे नई दिल्ली ने मध्य रेलवे मुंबई को दी मात
आरसीएफ में 25वीं अखिल भारतीय आरपीएफ हॉकी प्रतियोगिता शुरू
प्रिंसिपल चीफ मैकेनिकल इंजीनियर ने किया उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला। आरसीएफ के हॉकी स्टेडियम में सोमवार को 25वीं अखिल भारतीय आरपीएफ हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इसका उद्घाटन आरसीएफ के प्रिंसिपल चीफ मैकेनिकल इंजीनियर पीसी गुप्ता ने किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन आरसीएफ के सिक्योरिटी कमिश्नर विजय राउत की अध्यक्षता में किया जा रहा है ।
प्रतियोगिता के पहले मैच में उत्तर रेलवे नई दिल्ली की टीम ने मध्य रेलवे मुंबई की टीम को 6-0 से पराजित किया। प्रतियोगिता के आयोजन में आरसीएफ के सीनियर स्पोर्ट्स अफसर राम कुमार द्रोणाचार्य अवार्डी की भी विशेष भूमिका रही। यह प्रतियोगिता 19 जुलाई तक चलेगी और इसमें समस्त रेलवे से आरपीएफ की छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। टीमों को दो ग्रुपों में बांटा गया है। ग्रुप ए में उत्तर रेलवे नई दिल्ली, मध्य रेलवे मुंबई और पश्चिम रेलवे मुंबई और ग्रुप बी में दक्षिण रेलवे चेन्नई, दक्षिण पूर्व भुवनेश्वर और उत्तर पूर्व रेलवे गोरखपुर से आरपीएफ की टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता लीग आधार पर खेली जा रही है और प्रत्येक ग्रुप में से दो-दो टीमें क्वालीफाई कर सेमीफाइनल खेलेंगी। फाइनल 19 जुलाई को खेला जाएगा। उद्घाटन समारोह में आरपीएफ की टीमों ने मार्च पास्ट किया।