गुस्साए परिजनों ने थाना सदर सामने लगाया धरना
मानसिक रूप से कमजोर बच्चे को पेड़ से बांधकर पीटने का मामला
घटना के एक माह बाद भी आरोपी गिरफ्त से बाहर
अमर उजाला ब्यूरो
मुक्तसर।
जिले के गांव थांदेवाला में चोरी का आरोप लगाकर अनुसूचित जाति के मानसिक रूप से कमजोर बच्चे को पेड़ से बांधकर पीटने के मामले में सोमवार को परिजनों व लोगों ने थाना सदर के समक्ष धरना लगाकर यातायात जाम किया। गौरतलब है कि इस मामले में पर्चा दर्ज होने के एक माह बीतने के बावजूद पुलिस आरोपियों को काबू नहीं कर पाई है। इससे गुस्साए पारिवारिक सदस्यों ने सोमवार को थाना सदर के समक्ष धरना लगाया। साथ ही पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। करीब आधा घंटा चले इस धरने के दौरान लोगों को भी दिक्कतें उठानी पड़ी। वाहन चालक जाने के लिए रास्ता ढूंढते रहे। धरने के दौरान पहले थाना प्रभारी अशोक कुमार ने प्रदर्शनकारियों को अंदर आने के लिए कहा लेकिन वह वहीं पर बैठे रहे। उसके बाद डीएसपी तलविंदर सिंह आए। उन्होंने अंदर आकर बात करने को कहा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जो भी बात होगी बाहर ही होगी। डीएसपी ने कहा कि वह उनके पास आएं और पूरी बात बताएं। प्रदर्शनकारियों के साथ करीब दस मिनट तक चली इस बहस से बाद डीएसपी ने उन्हें मना लिया और उनके साथ अंदर बैठकर बातचीत की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों को काबू नहीं किया गया तो वह फिर से संघर्ष करेंगे और पूरे शहर में यातायात ठप कर देंगे।