ईटीटी शिक्षकों ने मांगों के समर्थन में दिया धरना
डीपीआई के साथ दुर्व्यवहार करने वालों पर निलंबन की तलवार
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। गांव वजीदपुर के सरकारी प्राइमरी स्कूल के ईटीटी छह अध्यापिकाओं समेत 56 पर दर्ज हुए मामले के विरोध में शुक्रवार को शिक्षकों ने डीसी दफ्तर के समक्ष रोष प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने कहा कि उनकी मांगे स्वीकार नहीं कर रहे हैं, अधिकारी उनके साथियों के खिलाफ परचे दर्ज करवा रहे हैं। शिक्षकों ने कहा कि वीरवार को शिक्षक (सर्विस प्रोवाइडर) चानन सिंह पंजाब सरकार की नीतियों से तंग आकर नहर में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। पंजाब सरकार ने सर्विस प्रोवाइडरों को पक्का तक नहीं किया, जबकि विधानसभा चुनाव में पक्के करने का वादा किया था।
पढ़ो पंजाब-पढ़ाओ पंजाब अभियान की जांच करने बुधवार की दोपहर गांव वजीदपुर (फिरोजपुर) सरकारी प्राइमरी स्कूल पहुंचे डीपीआई इंद्रजीत सिंह को घेरकर बंधक बनाने व उनके साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप कुलगढ़ी थाने में नामजद हेड अध्यापिका समेत छह अध्यापिकाओं पर गिरफ्तारी के साथ ही निलंबित होने की तलवार लटक रही है। हालांकि अध्यापिकाओं के बचाव में शुक्रवार को यूनियन के नेताओं ने डीसी दफ्तर के समक्ष प्रदर्शन किया। एएसआई देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है अभी तक किसी भी आरोपित महिला की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। फिरोजपुर शिक्षा विभाग के अधीक्षक राजिंदर कक्कड़ ने बताया आरोपित महिला अध्यापिकाओं की गिरफ्तारी की सूचना पुलिस रिपोर्ट मिलने और उनके 48 घंटे तक लाकअप में रहने पर उन्हें निलंबित कर दिया जाएगा। इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर भी आरोपित अध्यापिकाओं को निलंबित किया जा सकता है।
समझौते का उल्लंघन बता रहे हैं अध्यापक
बुधवार को घटित घटना पर डीपीआई इंद्रजीत सिंह व अध्यापक यूनियन के मध्य डीसी की उपस्थित में हुए समझौते के बारे में धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि डीसी के समझाने पर दोनों पक्षों एक-दूसरे के विरुद्ध पुलिस शिकायत न देने की बात की थी। इसके बाद भी डीपीआई ने पुलिस से शिकायत कर दी गई, यह तो एक तरह से धोखा है।