फिरोजपुर जिले में मलेरिया के तीन मरीज मिले
क्षेत्र में नहीं हो रहा मच्छर मार दवा का छिड़काव
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर।
शहर में मलेरिया के तीन मरीज सेहत विभाग के सामने आए हैं। इनमें से एक मरीज गुरुहरसहाय और दो मरीज सरहदी क्षेत्र ममदोट के हैं। बारिश के बाद शहर में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। क्षेत्र में मच्छर को समाप्त करने के लिए स्वास्थ विभाग की ओर फॉगिंग भी नहीं कराई जा रही है। बारिश के बाद शहर से सटे क्षेत्र रिखी कालोनी, विकास विहार, अमन नगर, गुरुनानक नगरी, सूरज नगरी के अलावा अन्य क्षेत्रों में मच्छरों ने आतंक मचा रखा है। अगर दवा का छिड़काव नहीं हुआ तो डेंगू व मलेरिया को रोकना मुश्किल हो जाएगा।
विभाग में 104 पद खाली
सेहत विभाग के मलेरिया शाखा में 104 कर्मियों के पद खाली पड़े हैं। फिरोजपुर जिले की देख-रेख सिर्फ 19 कर्मी कर रहे हैं। शाखा में 123 कर्मियों की जरूरत है। यही कारण है कि क्षेत्र में फॉगिंग नहीं हो पा रहा है और लोगों को मलेरिया संबंधित जागरूक नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा अर्बन मलेरिया स्कीम के तहत चल रहे कार्यालयों में 18 मुलाजिमों की जरूरत है।
उधर, जिला एपिडिमोलोजिस्ट अधिकारी डा. युवराज का कहना है कि बेशक विभाग में मुलाजिमों की कमी है। लेकिन जिस इलाके में मरीज सामने आते हैं वहां विभाग की ओर से फॉगिंग कराई जाती है।