चंडीगढ़। नगर निकाय चुनाव में 79 उम्मीदवारों को निर्विरोध चुन लिया गया है जबकि 2393 उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस लिया है। इस तरह अब कुल 7623 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं जिनके बीच मुकाबला होगा।
नगर परिषदों में सबसे अधिक 47 उम्मीदवारों को निर्विरोध चुना गया है जबकि इनमें 1695 उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस लिया है। इसी तरह नगर पंचायतों में 28 और नगर निगमों में 4 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। पंजाब के आठ नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों की सीटों के लिए 26 मई को मतदान होगा और 29 मई को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। नाम वापसी के बाद बुधवार को सभी राजनीतिक दलों ने अपना चुनाव प्रचार भी तेज कर दिया। सभी दलों ने चुनाव में अपना पूरा जोर लगा दिया है। ब्यूरो